लखनऊ: मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम शुक्रवार को अपने परिवार और कैबिनेट के सदस्यों के साथ अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत किया गया। इसके बाद वे राम मंदिर पहुंचे और पत्नी संग रामलला की आरती उतारी व दर्शन-पूजन किया। काशी के दौरे के बाद डॉ. गुलाम अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनका अभिनंदन किया। उनके साथ परिवारजन, प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर उन्हें रेड कार्पेट स्वागत दिया गया।
प्रधानमंत्री डॉ. गुलाम अयोध्या एयरपोर्ट से सीधे राम मंदिर पहुंचे। लगभग 45 मिनट तक मंदिर में रहकर उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ रहे। पूजा के बाद वे वापस महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां सीएम योगी ने उन्हें विदा किया।
डॉ. गुलाम अयोध्या में रामलला के पूजन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री बने। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने पहले ही उनके आगमन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया था।
भारत और मॉरीशस के रिश्ते हमेशा से घनिष्ठ रहे हैं। इस यात्रा को राजनयिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष प्रबंध किए गए थे और सभी एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं। प्रधानमंत्री डॉ. गुलाम दोपहर एक बजे देहरादून के लिए रवाना होंगे।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने पत्नी संग रामलला के किए दर्शन, मुख्यमंत्री योगी रहे साथ






