भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने पर गिग वर्कर्स को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने का वादा किया है।
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के संकल्प पत्र का तीसरा भाग जारी किया। इसमें पार्टी ने दिल्ली के गिग वर्कर्स के लिए 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने का वादा किया है। इसके अलावा, भाजपा ने 50 हजार नौकरियों के साथ-साथ यमुना नदी की सफाई और विकास को गुजरात की साबरमती नदी की तर्ज पर करने का भी वादा किया है।
‘महिलाओं को 6 महीने का सवेतन मातृत्व अवकाश मिलेगा’
केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी घोषणा की कि भाजपा की सरकार बनने पर वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। ओपीडी और डायग्नोस्टिक सेवाएं भी मुफ्त में उपलब्ध होंगी। वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन बढ़ाकर 2500 रुपये, विधवा और असहाय महिलाओं को 3000 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी। एससी और एसटी छात्रों को 1000 रुपये का वजीफा मिलेगा। साथ ही, ऑटो और टैक्सी चालकों को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना कवर दिया जाएगा।
केजरीवाल सरकार पर हमला
संकल्प पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने वादा किया था कि रिहायशी क्षेत्रों में शराब की दुकानें बंद करेंगे, लेकिन इसके उलट स्कूलों, मंदिरों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकान खोलने के लाइसेंस दे दिए।
‘नरेंद्र मोदी ने देश में विश्वास पैदा किया है’
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर राज्य में डबल इंजन सरकार ने विकास को तेज किया है। उन्होंने देश में विश्वास पैदा किया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ भी सर्वसमावेशी विकास संभव है।
गिग वर्कर्स कौन होते हैं?
गिग वर्कर्स वे लोग हैं जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ताओं से जुड़े होते हैं और स्वतंत्र रूप से काम करते हैं। उदाहरण के लिए, ओला, ऊबर और जोमैटो जैसी कंपनियों के लिए काम करने वाले लोग गिग वर्कर्स कहलाते हैं।





