आईएएस नवीन जैन ने अपने सशक्त अंदाज में इस वातावरण में अपने बच्चों को सुरक्षित एवं सचेत रहने के लिए सोसाइटी के निवासियों को दिए सात महत्वपूर्ण टिप्स

स्पर्श अभियान के तहत “मिशन सेफ नेबरहुड” की शुरुआत रविवार, 02.02.2025 को मानसरोवर एक्सटेंशन स्थित ‘अर्बाना ज्वेल्स’ में की गई। राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं शासन सचिव वित्त श्री नवीन जैन द्वारा सोसाइटी के निवासियों (माता-पिता व उनके बच्चों) को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया गया। श्री जैन ने अपने ऊर्जावान एवं सशक्त अंदाज में समुदाय के विभिन्न वर्गों को वैश्वीकरण के इस वातावरण में सचेत रहने के सात महत्वपूर्ण टिप्स दिए। स्पर्श अभियान की पांच वर्ष की यात्रा को साझा करते हुए आईएएस जैन ने बताया कि राजस्थान में एक साथ एक ही दिन में 65 हजार विद्यालयों में गुड टच बैड टच का प्रशिक्षण प्रदान किया गया था, जिससे कि बच्चे अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक हो जाए और संभावित खतरों से बच सकें। स्पर्श अभियान के सह वक्ता डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि इस सोसायटी में स्पर्श का यह सेशन राजस्थान पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस स्टेशन की टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। अच्छे एवं बुरे स्पर्श और सुरक्षा तकनीकों की पहचान करने के लिए 250 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। स्पर्श अभियान हर शनिवार विद्यालयों एवं ऑनलाइन सेशंस के साथ-साथ अब हर रविवार को समुदाय और परिवारों के बीच पहुंचने हेतु प्रतिबद्ध है। अपने अपार्टमेंट, सोसायटी, कम्युनिटी या कॉलोनी में सेशन के आयोजन के लिए स्पर्श अभियान के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा सकता है।

इस कार्यक्रम में साइबर सिक्योरिटी एवं साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों पर भी साइबर एक्सपर्ट विजय राठी द्वारा जानकारी दी गई। इस अवसर पर समिति के निवासियों ने अत्यंत उत्साह दिखाते हुए स्पर्श अभियान पर पुन: सत्र आयोजित करने का आग्रह किया, और स्पर्श अभियान की विषय वस्तु को सोसाइटी में प्रसारित करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में समिति ने आईएएस श्री नवीन जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्त स्पर्श वॉलिंटियर्स एवं अतिथियों को सम्मान स्वरुप पुष्प गुच्छ भेंट किए गए। सेफ नेबरहुड मिशन के शुभारंभ के अवसर पर अर्बाना ज्वेल्स के सचिव डॉ. संजय सिंह, अध्यक्ष मून अग्रवाल, फैडरेशन ऑफ जयपुर अपार्टमेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष धन कुमार जैन, पुलिस थाना प्रभारी मुहाना श्री उदयसिंह, साइबर एक्सपर्ट श्री विजय राठी, स्पर्श कार्यकर्ता डॉ. रचना शर्मा, पूनम खेतान, मीना अरुण, डॉ. मुनमुन शर्मा, गौरव जैन, प्रतिभा कौशिक, आकांक्षा जैन, क्रिस्टीना जरीन, खुशी गुप्ता एवं बुद्धिजीवी निशांत श्रीवास्तव, अनुराग गिडवाणी, सरिता, मनीष शर्मा, प्रदीप एवं अन्य निवासी उपस्थित रहे।





