चीन में युवाओं द्वारा बढ़ते इंटरनेट और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। चीनी अधिकारियों का मानना है कि अधिक स्क्रीन समय बच्चों की शारीरिक सेहत और उनकी पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।
हाल ही में संपन्न हुई चीन की वार्षिक राजनीतिक बैठक में पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी याओ मिंग ने एक प्रस्ताव रखा, जिसमें हर सेमेस्टर में एक दिन के लिए सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बंद करने और बच्चों को बाहर खेलने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई। इसके अलावा, ऑनलाइन गेमिंग पर सख्त प्रतिबंध लगाने और हानिकारक ऑनलाइन सामग्री पर नियंत्रण बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
चीन में 2020 में “माइनर्स प्रोटेक्शन लॉ” में संशोधन कर सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के उपयोग को सीमित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद, 2021 में लागू नियमों के तहत 18 साल से कम उम्र के बच्चों को रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक गेम खेलने से प्रतिबंधित कर दिया गया। उन्हें सप्ताह के दिनों में केवल 1 घंटे और वीकेंड पर 2 घंटे गेमिंग की अनुमति दी गई थी।
2024 के चीनी नव वर्ष के दौरान, एक कंपनी ने 32 दिनों की अवधि में कुल 15 घंटे तक गेम खेलने की सीमा तय कर दी थी। हालांकि, कई बच्चे इन प्रतिबंधों को वयस्कों के अकाउंट्स का उपयोग करके आसानी से बायपास कर लेते हैं।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व मीडिया पेशेवर आ कियांग का मानना है कि सरकार के ये प्रस्ताव व्यावहारिक रूप से प्रभावी नहीं होंगे। उनका कहना है कि समस्या इंटरनेट की लत नहीं, बल्कि बच्चों पर पढ़ाई और माता-पिता की उम्मीदों का भारी दबाव है। कियांग के अनुसार, जब तक ऑफलाइन जीवन में सुधार नहीं किया जाता, ऑनलाइन प्रतिबंध कारगर नहीं होंगे।
चीन में युवाओं द्वारा इंटरनेट के उपयोग को लेकर सरकार सख्त, स्क्रीन टाइम को लेकर लाएगी नया नियम






