केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में वृद्धि के बाद अब राजस्थान के 10.40 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है।
जयपुर। केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) और पेंशनरों के महंगाई राहत (डीआर) में 1 जनवरी से 2 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा के साथ ही राज्य में कर्मचारियों और पेंशनरों को इस बढ़ोतरी का तोहफा देने की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि, राज्य में इस बढ़ोतरी का नकद लाभ इस महीने के वेतन में मिलने की संभावना कम है। संभव है कि इस बार बढ़ी हुई राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में जमा हो जाए और पेंशनरों को नकद लाभ दे दिया जाए। इससे लगभग 6.5 लाख सेवारत कर्मचारी और 3.90 लाख से अधिक पेंशनर लाभान्वित होंगे। इस वृद्धि के कारण राज्य सरकार पर प्रतिमाह लगभग 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
55 प्रतिशत हो जाएगा भत्ता
इस बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 1 जनवरी से 53 प्रतिशत से बढ़कर 55 प्रतिशत हो जाएंगे। यह वृद्धि 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित स्वीकृत फॉर्मूले के अनुसार की गई है।






