मुंबई: बॉलीवुड के महान अभिनेता मनोज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। 87 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें खासतौर पर देशभक्ति फिल्मों और ‘भारत कुमार’ के नाम से पहचान मिली थी। उनके चाहने वाले उन्हें प्यार से ‘भारत कुमार’ कहकर पुकारते थे।
मनोज कुमार ने अपने फिल्मी सफर में ‘क्रांति’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘वो कौन थी’ और ‘उपकार’ जैसी कई यादगार फिल्में दीं। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम भी उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहे हैं। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने शोक जताते हुए कहा, “दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित, हमारे आदर्श और भारतीय सिनेमा के शेर मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पूरी इंडस्ट्री उन्हें हमेशा याद रखेगी।”
मनोज कुमार उन कलाकारों में से थे जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखते ही अपना नाम बदल लिया था। उनका असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था। लेकिन उन्होंने फिल्मों से प्रेरणा लेकर अपना नाम ‘मनोज कुमार’ रख लिया, और आगे चलकर इसी नाम से मशहूर हो गए।
उनका जन्म 24 जुलाई 1937 को एबटाबाद में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया और दिल्ली में बस गया। बचपन से ही उन्हें अभिनय का बहुत शौक था। वह अशोक कुमार, दिलीप कुमार और कामिनी कौशल के बड़े प्रशंसक थे और उन्हीं की फिल्मों से प्रभावित होकर उन्होंने अपना नाम बदला था। समय के साथ लोग उन्हें सिर्फ ‘मनोज कुमार’ या ‘भारत कुमार’ के नाम से ही जानने और चाहने लगे।
अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर





