गुरुवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का प्रकोप देखने को मिला। लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई। इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को त्वरित राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करें, नुकसान का सर्वेक्षण करें और राहत कार्यों पर सतत निगरानी रखें। आकाशीय बिजली, तूफान या अन्य आपदाओं से यदि किसी व्यक्ति या पशु की मृत्यु होती है तो तत्काल सहायता राशि वितरित की जाए और घायलों का उचित इलाज कराया जाए। वर्तमान में चल रही गेहूं की सरकारी खरीद को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि फसल के नुकसान का सर्वेक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट शासन को भेजी जाए ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। जलभराव की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
सीतापुर में दो लोगों की मौत
सीतापुर जिले में खराब मौसम के कारण दो लोगों की मौत हो गई। बिसवां क्षेत्र के गांव मोचखुर्द में खेत में काम कर रहे किसान हरिश चंद्र भार्गव (23) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। वहीं सकरन क्षेत्र में खेत से लौट रही महिला कुसुमा देवी (55) पर तेज हवाओं के चलते एक पक्की दीवार गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह 9:30 बजे की है, जब वह गेहूं की कटाई करके लौट रही थीं। गांववालों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस और राजस्व विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है।
लखनऊ में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ में घने बादलों के बीच तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश हुई। दिन में ही अंधेरा छा गया और तापमान में गिरावट के कारण मौसम सुहाना हो गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह मौसम पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है, जिससे पूर्वी और पश्चिमी हवाओं का मेल हुआ और आंधी-बारिश की स्थिति बनी।
सुबह 8:30 बजे तक लखनऊ में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि एयरपोर्ट क्षेत्र में 2 मिमी बारिश हुई। लखनऊ के आसपास के जिलों—बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर आदि में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।





