
- आयुष्मान कार्ड धारकों को सेना अस्पतालों में मिलेगा इलाज
- प्रयागराज में मिली सफलता के बाद अब अन्य अस्पताल भी जुड़ेंगे
- स्टेट हेल्थ एजेंसी साचीज कैंटोनमेंट के 12 अन्य अस्पतालों से करेगी एमओयू
प्रयागराज में मिले सकारात्मक परिणाम के बाद अब प्रदेश के अन्य सैन्य अस्पताल भी इस पहल से जुड़ने की तैयारी में हैं। आयुष्मान कार्ड धारकों को जल्द ही सेना के अस्पतालों में भी उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) इसके लिए 12 अतिरिक्त कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ समझौता (एमओयू) करने जा रही है।
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में इलाज का लाभ दिया जाएगा। प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज स्थित अस्पताल में पहले से ही योजना के तहत मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यहां की सफलता को देखते हुए सरकार ने शेष अस्पतालों को भी योजना से जोड़ने का निर्णय लिया है।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार जनवरी से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में कार्ड धारकों का निशुल्क इलाज जारी है। यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी तथा मेडिकल-सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, जांच और गंभीर रोगियों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि अन्य 12 अस्पतालों के साथ एमओयू की लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द हस्ताक्षर किए जाएंगे। एमओयू लागू होने के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। साचीज की एसीईओ डा. पूजा यादव ने बताया कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ समन्वय से लाभार्थियों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी और जटिल रोगों के इलाज के लिए उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एमओयू के बाद सभी अस्पतालों को योजना के ऑनलाइन पोर्टल से जोड़ दिया जाएगा, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।






