उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में अराजकता फैली हुई थी और उनके शासन में केवल परिवार का ही भला हुआ। इन लोगों ने अपने परिवार के अलावा किसी की परवाह नहीं की और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। अखिलेश यादव के ‘मठाधीश और माफिया’ वाले बयान पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा के लोग माफिया और अपराधियों के सामने नाक रगड़ते थे, और अब ये धर्माचार्यों को माफिया कह रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में जो दरिंदे बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं, उनका संबंध समाजवादी पार्टी से है। सपा अब दरिंदों का एक गैंग बन चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी ने गाजियाबाद में ₹757 करोड़ की लागत वाली 100 से अधिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए और नियुक्ति पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम गाजियाबाद में AIIMS, दिल्ली के एक सेटेलाइट सेंटर की तैयारी कर रहे हैं, ताकि यहां AIIMS की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके बाद, अपने भाषण में उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले किए। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी ने शायराना अंदाज में सपा पर हमला किया। उन्होंने कहा- “नजर नहीं है, लेकिन नजारों की बात करते हैं। जमीन पर चांद-सितारों की बात करते हैं। वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं।” राहुल गांधी और अखिलेश यादव के संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में दो लड़कों की जोड़ी लूटने के लिए आई है। इन लोगों ने सत्ता का दुरुपयोग किया है और जनता का भरोसा तोड़ा है, जैसे भस्मासुर ने किया था। समाजवादी पार्टी में अब औरंगजेब की आत्मा समा चुकी है, और इनकी सरकार में माफियाओं का बोलबाला था। अब ये साधु-संतों को माफिया कह रहे हैं।
अपराधियों के आगे नाक रगड़ने वाले, धर्माचार्यों को माफिया बोलते हैं- योगी आदित्यनाथ






