पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपनी आगामी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर विवादों में आ गए हैं। इस फिल्म में उन्होंने पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर के साथ अभिनय किया है, जिसे लेकर विरोध शुरू हो गया है।
बरेली के मौलाना और ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने दिलजीत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे समय में जब भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद को लेकर तनाव बना हुआ है, उस वक्त दिलजीत दोसांझ द्वारा पाकिस्तानी अभिनेत्री के साथ काम करना गलत संदेश देता है। उन्होंने केंद्र सरकार से फिल्म पर तत्काल रोक लगाने और दिलजीत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौलाना शहाबुद्दीन ने देशवासियों से ‘सरदार जी 3’ न देखने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्मों से भारत की भावना को ठेस पहुंचती है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि अभिनेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
शहाबुद्दीन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया, और दुनिया को पाक की आतंकवादी सोच से अवगत कराया, तब ऐसे हालात में दिलजीत दोसांझ ने भारत के दुश्मन देश के कलाकार के साथ फिल्म क्यों बनाई? क्या उन्हें भारत में कोई अभिनेत्री नहीं मिली? वह ऐसे लोगों की सराहना क्यों कर रहे हैं जिनकी मानसिकता देश विरोधी है? उन्होंने कहा कि दिलजीत को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
मौलाना शहाबुद्दीन ने दिलजीत दोसांझ की गिरफ्तारी की मांग की, पाकिस्तानी अभिनेत्री के साथ फिल्म बनाने का है मामला





