ईरान ने एक बार फिर सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए इज़रायल पर मिसाइलों से हमला किया है। इज़रायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष को रोकने की कोशिश करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध के 12वें दिन सीज़फायर की घोषणा की थी। हालांकि, ईरान ने इस घोषणा को नजरअंदाज करते हुए आज सुबह इज़रायल पर पांच चरणों में बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए। कुछ समय बाद ट्रंप ने अपडेट देते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच अब सीज़फायर लागू हो चुका है और इज़रायल ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। लेकिन हालात देखकर ऐसा नहीं लगता कि ईरान फिलहाल इसका पालन करने वाला है।
सीज़फायर के बावजूद ईरान का हमला जारी
सीज़फायर लागू होने के कुछ ही समय बाद ईरान ने उत्तरी और मध्य इज़रायल पर मिसाइलें दागकर फिर से युद्धविराम का उल्लंघन कर दिया। मिसाइल हमलों के बाद इज़रायली सेना हाई अलर्ट पर है। इन क्षेत्रों में सायरन बज रहे हैं और लोगों को बंकरों या बम शेल्टर में शरण लेने की सलाह दी गई है। ईरान के मिसाइल हमलों के बीच इज़रायल ने कुछ मिसाइलों को सफलतापूर्वक बीच में ही नष्ट कर दिया है। अब माना जा रहा है कि इज़रायल ईरान के इस हमले का कड़ा जवाब दे सकता है। ईरान की राजधानी तेहरान के 7वें ब्लॉक के निवासियों को इज़रायली सेना ने अपने घर खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। इससे संकेत मिलता है कि इज़रायल किसी भी वक्त जवाबी कार्रवाई कर सकता है।
इज़रायली रक्षा मंत्री का निर्देश
ईरान के सीज़फायर उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए इज़रायली रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ ने सेना को ईरानी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी छूट दे दी है। उन्होंने तेहरान स्थित शासन को सीधे निशाना बनाने का आदेश भी दिया है। जल्द ही इज़रायली सेना की जवाबी कार्रवाई शुरू हो सकती है। वहीं, इज़रायली वित्त मंत्री बेज़ेलेल स्मोत्रिच ने ईरान को चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “तेहरान कांप उठेगा।”






