यूपी के हापुड़ के परतापुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल न मिलने से नाराज लाइनमैन ने पंप की बिजली आपूर्ति काट दी। लगभग 20 मिनट तक पंप बंद रहा, जिससे वहां हंगामे का माहौल बन गया। हालांकि, बाद में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। अब इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है।
सरकार की सख्ती: बिना हेलमेट पेट्रोल पर रोक
सरकार ने दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर रोक लगा रखी है। परतापुर रोड के पेट्रोल पंप पर इस नियम को सख्ती से लागू किया जा रहा था। पंप कर्मी गोलू के मुताबिक, बिजलीघर का एक लाइनमैन पेट्रोल लेने आया। जब उसे शासन के इस आदेश के बारे में बताया गया, तो वह नाराज हो गया और बिना हेलमेट पेट्रोल देने की मांग पर अड़ गया। पंप कर्मियों ने उसे पेट्रोल देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद गुस्से में लाइनमैन ने पंप की बिजली लाइन काट दी, जिससे मशीनें बंद हो गईं। पेट्रोल पंप के कर्मचारी तुरंत ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंचे और लाइनमैन से लाइन काटने की वजह पूछी। उन्होंने यह भी बताया कि पंप पर कोई बकाया बिल नहीं है। काफी बहस के बाद लाइन दोबारा जोड़ दी गई। इस घटना का वीडियो बुधवार को वायरल हो गया, जिससे मामला तूल पकड़ने लगा। अधिकारी अभी शिकायत न मिलने की बात कहकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, संबंधित बिजलीघर के अधिकारी भी इस विवाद में फंस सकते हैं। गौरतलब है कि पहले भी औद्योगिक इकाई की सप्लाई बंद करने के मामले में कई अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
पेट्रोल पंप की सप्लाई काटे जाने की शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामला संज्ञान में नहीं है। -अरविंद कुशवाहा, एसडीओ।
किसी भी प्रतिष्ठान की इस तरह सप्लाई नहीं काटी जा सकती है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता।






