प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में केपी कॉलेज के पास बुधवार को बड़ा हादसा टल गया, जब वायुसेना का एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मेडिकल चौराहे के नजदीक स्थित तालाब में विमान गिरने से पहले आसमान में अनियंत्रित हुआ, जिसे भांपते ही दोनों पायलटों ने पैराशूट के जरिए सुरक्षित छलांग लगा दी। तालाब में उतरे पायलटों को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कंधों पर बैठाकर बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, टू-सीटर माइक्रोलाइट ट्रेनी विमान एम-116 संगम की ओर से लौट रहा था, तभी केपी कॉलेज के पास अचानक तकनीकी खराबी आ गई और विमान तालाब के बीचों-बीच जा गिरा। विमान के गिरते ही तेज आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तालाब में जलकुंभ अधिक होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन स्थानीय नागरिकों ने बिना देरी के मोर्चा संभालते हुए दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सिविल लाइंस में केपी ग्राउंड के पीछे वायुसेना का टू-सीटर माइक्रोलाइट एयरक्रॉफ्ट गिरने की सूचना मिली थी। विमान में सवार पायलट जेके पांडेय और प्रवीन अग्रवाल पूरी तरह सुरक्षित हैं। मौके पर भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान के तालाब में गिरते ही आग नहीं लगी, जिससे बड़ा खतरा टल गया। आसपास मौजूद युवाओं ने साहस दिखाते हुए तालाब में छलांग लगाई और पायलटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। बाद में पायलटों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
एयरक्रॉफ्ट क्रैश की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं, हालांकि उससे पहले ही सेना के जवान बचाव कार्य में जुट चुके थे। स्थानीय निवासी प्रियांशु और अजीत की त्वरित कार्रवाई की सेना के अधिकारियों ने सराहना की। जिस स्थान पर विमान गिरा, वह केपी कॉलेज और रोडवेज बस स्टेशन के बीच का इलाका है, जहां आमतौर पर भीड़ रहती है। पायलटों की सूझबूझ और समय पर निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया। इस बीच भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर 12:15 बजे बमरौली वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरने के दौरान माइक्रोलाइट विमान में तकनीकी खराबी आई। एहतियातन विमान को निर्जन क्षेत्र में आपात लैंडिंग कराई गई, जिससे किसी नागरिक या संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और घटना के कारणों की जांच के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है।
यूपी: प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित






