
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। राज्य की गृह मंत्री ने हादसे में 21 मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि कई घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि काकीनाडा जिले के वेतलापलेम गांव की पटाखा निर्माण इकाई में हुआ विस्फोट अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूरी जानकारी लेकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, विस्फोट के समय फैक्टरी में लगभग 20 कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं तथा राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।






