इज़राइल और हमास के बीच युद्ध लगातार गहराता जा रहा है। हमास अब इज़राइली हमलों से बुरी तरह प्रभावित हो चुका है और उसके तेवर भी अब पहले जैसे नहीं रहे। युद्ध के बीच गाज़ा में जारी तबाही ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। हालांकि, अब संकेत मिल रहे हैं कि यह संघर्ष जल्द थम सकता है।
हमास की बदली भाषा, युद्धविराम की इच्छा जताई
इज़राइली सेना लगातार गाज़ा पर भीषण हवाई और ज़मीनी हमले कर रही है। युद्ध की शुरुआत के बाद से इज़राइली हमलों की तीव्रता में काफी इज़ाफा हुआ है। सेना गाज़ा के भीतर घुसकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है। इज़राइली हमलों में रोज़ाना कई फिलिस्तीनी अपनी जान गंवा रहे हैं। सिर्फ गाज़ा में ही मरने वालों की संख्या 51 हज़ार के पार पहुंच चुकी है। गाज़ा से सटे अन्य फिलिस्तीनी इलाकों में भी हालात बेहद खराब हैं। लगातार हमलों से थक चुके हमास ने अब युद्धविराम की बात कही है। जो संगठन पहले युद्ध से पीछे हटने को तैयार नहीं था, अब वही गाज़ा में पूर्ण युद्धविराम चाहता है। हमास के नेता ने भी कहा है कि गाज़ा के लोग अब और जंग नहीं चाहते।
बंधकों की रिहाई को तैयार हमास
हमास अब इज़राइली बंधकों की रिहाई के लिए भी तैयार है, ताकि युद्ध को समाप्त किया जा सके। इज़राइल पहले से ही अपने सभी बंधकों की रिहाई की मांग करता आया है। इसके बदले में हमास चाहता है कि इज़राइल भी फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करे। हमास के बदले रुख से उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है कि यह संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है। विभिन्न मध्यस्थ देश और संगठन भी युद्धविराम के लिए लगातार प्रयासरत हैं, ताकि गाज़ा में जारी तबाही पर विराम लगाया जा सके।






