अब लोगों को मकानों और भूखंडों के ई-पट्टे मिलना शुरू हो जाएंगे। जेडीए ने इसके लिए नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारी ई-पट्टा जारी करने की प्रक्रिया को 18 चरणों में पूरा करेंगे।
जयपुर: अब मकानों और भूखंडों के लिए ई-पट्टे उपलब्ध होंगे। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारी ई-पट्टा जारी करने की प्रक्रिया को 18 चरणों में पूरा करेंगे। इस प्रक्रिया को 22 दिनों में ऑनलाइन पूरा करना अनिवार्य होगा। अगर दस्तावेज़ों में कोई कमी नहीं हुई तो आवेदक को 30 दिनों में ई-पट्टा जारी कर दिया जाएगा। आवेदक इसे घर बैठे भी डाउनलोड कर सकेंगे।
जेडीए के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, आवेदक को अपनी एसएसओ आईडी बनाकर जेडीए की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। भूखंड या मकान से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन स्कैन कर अपलोड करने होंगे। इसके बाद आवेदक को नागरिक सेवा केंद्र जाकर अपने मूल दस्तावेज जमा कराने होंगे और वहीं उसकी फोटो भी ली जाएगी।
30 दिन में मिलेगा ई-पट्टा
इसके बाद जेडीए के अधिकारी 18 चरणों में ई-पट्टा प्रक्रिया पूरी करेंगे। तय समय सीमा के अनुसार, एक महीने में पट्टा जारी कर दिया जाएगा। कुल मिलाकर प्रक्रिया 23 चरणों में संपन्न होगी। ओटीपी सत्यापन के बाद, आवेदक नागरिक सेवा केंद्र से अपने ई-पट्टे की प्रति भी प्राप्त कर सकेगा।
अधिकारियों की जिम्मेदारियाँ और समय सीमा:
• सलाहकार (नागरिक सेवा केंद्र): आवेदन की जांच कर ज़ोन को भेजना — 1 दिन
• जोन उपायुक्त: डीलिंग क्लर्क को भेजना — 1 दिन
• डीलिंग क्लर्क: समय पर आवेदन की जांच — 4 दिन
• तहसीलदार: परीक्षण करना — 2 दिन
• जेईएन: रिपोर्ट तैयार करना — 2 दिन
• सहायक नगर नियोजक: साइट प्लान बनाना — 2 दिन
• लेखाकार: मांग राशि और नोटिफिकेशन तैयार करना — 2 दिन
• जोन उपायुक्त: मांग पत्र जारी करना — 1 दिन
• जोन उपायुक्त: ई-साइन के बाद डिजिटल हस्ताक्षर करना — 2 दिन






