पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं। ऐसे में सभी पाकिस्तानी नागरिकों को आज भारत छोड़ना अनिवार्य कर दिया गया है। राजधानी भोपाल में भी तीन पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिन्हें आज ही वापस लौटना होगा।
भारत का सख्त रुख
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के प्रति सख्त नीति अपनाते हुए देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं। भोपाल में मौजूद तीन पाकिस्तानी नागरिकों को भी आज के दिन तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश
सीएम मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार के आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि एमपी में रह रहे पाकिस्तानी वीजाधारकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। निर्धारित समयसीमा के बाद मध्यप्रदेश में केवल लंबी अवधि के वीजा, राजनयिक वीजा और आधिकारिक वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिक ही रुक पाएंगे। अन्य सभी को प्रदेश से बाहर किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने जम्मू-कश्मीर से एमपी में पढ़ने आए छात्रों की पहचान कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
एमपी में 228 पाकिस्तानी नागरिक
पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने जानकारी दी कि भोपाल में फिलहाल शॉर्ट टर्म वीजा पर तीन पाकिस्तानी नागरिक हैं। इन सभी को नोटिस जारी कर दिया गया है और 27 अप्रैल तक देश छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, मेडिकल वीजा पर आए नागरिकों को 29 अप्रैल तक भारत छोड़ना होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मध्यप्रदेश में लगभग 228 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिन्हें तय समयसीमा के भीतर भारत छोड़ना अनिवार्य कर दिया गया है।
आतंकी हमले के विरोध में बंद
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शनिवार को भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर दोपहर दो बजे तक स्वेच्छिक बंद रखा गया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया, जिससे लगभग ढाई से तीन करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हुआ। इस दौरान व्यापारिक संगठनों ने आतंकियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। न्यू मार्केट की करीब 1300 दुकानें बंद रहीं। एमपी नगर, कोलार और पुराने शहर के इलाकों में भी बंद का असर देखा गया।






