पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बड़ा बाजार क्षेत्र में स्थित रितुराज होटल में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलस गए। आग इतनी भयावह थी कि जान बचाने के लिए लोग इमारत से कूद पड़े। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा के अनुसार, आग रात करीब 8:15 बजे लगी और अब तक 14 शव बरामद किए जा चुके हैं। राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है।
आग के कारणों की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेता शुभंकर सरकार ने घटना पर दुख जताते हुए सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर ममता सरकार की आलोचना की है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा गया कि कई लोग जान बचाने के लिए होटल की ऊंचाई से कूद पड़े। दमकल विभाग की तत्परता से कई लोगों की जान बचाई जा सकी। आग लगने की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कोलकाता: होटल में भीषण आग, 14 की मौत, कई घायल





