पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है, और यह तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को खुली धमकी दी है।
पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत और 20 के घायल होने से भारत में गुस्से का माहौल है। देशवासियों की मांग है कि पाकिस्तान को इस हमले का माकूल जवाब दिया जाए। उधर, पाकिस्तान में इस बात का डर फैल गया है कि भारत कभी भी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। इसी डर से पाकिस्तानी सरकार और सेना पूरी तरह सतर्क हैं। सेना की बेचैनी इस कदर बढ़ गई है कि उन्हें अब नींद नहीं आ रही, क्योंकि वे जानते हैं कि भारत के सामने उनका टिक पाना मुश्किल है। हालांकि इन हालातों से वाक़िफ़ होने के बावजूद पाकिस्तानी नेता बयानबाज़ी से बाज़ नहीं आ रहे।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है, “अगर भारत ने सिंधु नदी पर कोई भी बांध बनाया और पाकिस्तान को मिलने वाला पानी रोका, तो हम भारत पर हमला कर देंगे।”
आसिफ का दावा है कि ऐसा कोई भी कदम सिंधु जल समझौते का उल्लंघन होगा और पाकिस्तान इसे अपने खिलाफ सीधा हमला मानेगा। गौरतलब है कि भारत ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल समझौते को रद्द करने पर विचार किया है, जिससे पाकिस्तान में हलचल मची हुई है।
“भारत कर रहा है ड्रामा”
ख्वाजा आसिफ ने यह भी आरोप लगाया कि भारत केवल दिखावा कर रहा है और झूठे आरोपों से पाकिस्तान को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब तक यह साबित नहीं कर पाया है कि पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ था।
डर छुपाने की कोशिश
पाकिस्तानी नेता और मंत्री भले ही भारत के खिलाफ तीखे बयान दे रहे हों, लेकिन हकीकत यह है कि पाकिस्तान में डर और तनाव का माहौल है। यह बयानबाज़ी उनके उसी डर को छुपाने की एक कोशिश भर है।





