
भारत-पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुई शांति वार्ता के बावजूद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर का उल्लंघन किया, जिससे पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने शायराना अंदाज में पाकिस्तान पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“उसकी फितरत है मुकर जाने की, उसके वादे पे यकीन कैसे करूं…”
शनिवार रात पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर रॉकेट दागे गए, जबकि कुछ ही घंटों पहले भारत और पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों के बीच सीजफायर पर सहमति बनी थी।
शशि थरूर ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि भारत कभी युद्ध नहीं चाहता, लेकिन आतंकवादियों को सख्त संदेश देना जरूरी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दे दिया है।
सीजफायर के उल्लंघन की पुष्टि
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि दोनों देशों के डीजीएमओ (सैन्य संचालन महानिदेशक) के बीच संघर्ष विराम को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन पाकिस्तान ने कुछ ही घंटों में इसका गंभीर उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने इस पर सख्त जवाबी कार्रवाई की है।
ऑपरेशन सिंदूर से दहल उठा पाकिस्तान
6 और 7 मई की दरम्यानी रात को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस 25 मिनट के अभियान में 24 मिसाइलें दागी गईं, जिनसे 9 आतंकी शिविर तबाह हुए, जिनमें से 5 पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और 4 पाकिस्तान में स्थित थे। इस हमले में आतंकवादी मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्यों की भी मौत हो गई।






