आज विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर मोटापे और इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। इस वर्ष इस दिवस की थीम है: “सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक भोजन से मोटापा रोकें”।
अनेक शोध इस बात की पुष्टि करते हैं कि यदि हम अपने दैनिक आहार में सुधार कर लें, तो इससे कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। हृदय रोग, मधुमेह, पाचन संबंधी समस्याएं और यहां तक कि कैंसर जैसी बीमारियों का मुख्य कारण मोटापा माना जाता है। इसका मतलब यह है कि अगर हम वजन नियंत्रित रखने की दिशा में प्रयास करें, तो इन समस्याओं की रोकथाम संभव है।

प्रधानमंत्री की सलाह: खाने के तेल में करें कटौती
प्रधानमंत्री मोदी ने 23 फरवरी 2025 को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी मोटापे की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया था कि वे हर महीने अपने खाने के तेल के उपयोग में 10% की कटौती करें। उनका कहना था कि अधिक वजन कई बीमारियों की जड़ है, और छोटे-छोटे बदलावों से इस चुनौती से निपटा जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि तेल खरीदते समय ही पहले की तुलना में 10% कम खरीदें – यह मोटापा घटाने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है।
मोटापा क्यों बढ़ता है
अनियमित खानपान, तैलीय और प्रोसेस्ड फूड्स का अत्यधिक सेवन, शारीरिक गतिविधि की कमी, तनाव, नींद की कमी, अनुवांशिक कारण और कुछ दवाइयाँ ये सभी मोटापे के प्रमुख कारण माने जाते हैं। ध्यान रहे, वजन घटाने के लिए सिर्फ खाना छोड़ना सही तरीका नहीं है। ज़रूरी है कि हम सही चीजें, सही समय और सही मात्रा में खाएं।
आहार कैसा हो
• फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ जैसे ओट्स, दलिया, राजमा, चना, साबुत अनाज और हरी पत्तेदार सब्जियों को आहार में शामिल करें। ये पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम होती है।
• प्रोटीन युक्त भोजन जैसे अंडे, दालें, पनीर और चिकन को भी भोजन का हिस्सा बनाएं। इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और वजन घटाने के दौरान शरीर कमजोर नहीं पड़ता।
इन बातों का भी रखें विशेष ध्यान:
• मौसमी फल और सब्जियां शरीर को आवश्यक पोषण देने के साथ-साथ कैलोरी में भी कम होती हैं।
• कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें, जो धीरे-धीरे पचते हैं और ब्लड शुगर को संतुलित रखते हैं।
• तली-भुनी चीजें (जैसे समोसा, कचौड़ी, पकोड़े), बेकरी उत्पाद (केक, पेस्ट्री, ब्रेड), और सॉफ्ट ड्रिंक्स या पैकेज्ड जूस से जितना हो सके, दूरी बनाएं।
स्वस्थ और संतुलित आहार न केवल मोटापे को रोकने में सहायक है बल्कि यह दीर्घकालिक रूप से संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है। इस विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने आहार में सकारात्मक बदलाव लाकर खुद को और अपने परिवार को बीमारियों से सुरक्षित रखें।





