यूक्रेन द्वारा ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ के तहत किए गए ड्रोन हमले में रूस को भारी नुकसान हुआ। यह हमला इतना असरदार था कि रूसी वायुसेना की शक्ति लगभग आधी रह गई और रूस की लंबी दूरी तक हमले करने की क्षमता भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई। इसके बाद रूस ने बदले की कार्रवाई करते हुए यूक्रेन पर व्यापक हमला कर दिया।
ऑपरेशन स्पाइडर वेब से बौखलाए रूस ने पूरे यूक्रेन में तबाही मचा दी। रूसी सेना ने देशभर में 400 से अधिक ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं। इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमलों का असर कीव, लविवि और सुमी सहित नौ क्षेत्रों पर पड़ा। इसके अतिरिक्त, रूस ने खार्किव शहर को भी निशाना बनाया, जहां ड्रोन और मिसाइल हमलों में तीन लोगों की मौत और 21 घायल होने की खबर है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इसे युद्ध शुरू होने के बाद से सबसे बड़े हमलों में से एक बताया है। यूक्रेनी आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव में तीन दमकलकर्मी, लुत्स्क में दो नागरिक और चेर्निहिव में एक व्यक्ति की जान गई।
अब तक के सबसे बड़े हमलों में एक
हमले के बाद जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर चले हमले में 400 से ज्यादा ड्रोन और 40 मिसाइलों का इस्तेमाल किया। यह हमला युद्ध की शुरुआत के बाद से सबसे व्यापक हमलों में से एक है। उन्होंने बताया कि रूस के इस हमले में 80 लोग घायल हुए हैं और ल्वीव से लेकर सुमी तक देश के नौ इलाके इसकी चपेट में आए।
ऑपरेशन स्पाइडर वेब ने और बढ़ाया तनाव
भले ही रूस पिछले तीन वर्षों से यूक्रेन पर लगातार हमले करता रहा है, लेकिन इस बार यूक्रेन पहले से ही जवाबी कार्रवाई की तैयारी में था। दरअसल, कुछ दिन पहले कीव ने ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ को अंजाम दिया था, जिसमें रूस के एक तिहाई से अधिक रणनीतिक क्रूज मिसाइल वाहक नष्ट कर दिए गए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उनके हालिया हमले कीव द्वारा किए गए “आतंकी हमलों” का जवाब हैं।
पुतिन ने दी थी चेतावनी
बुधवार को अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर हुई बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्पष्ट कहा था कि रूस को यूक्रेन के हमले का जवाब देना ही होगा।





