भारतीय सेना के खिलाफ लगातार जहर उगलने वाले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार मामला दुबई में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां केरल के एक ग्रुप ने अफरीदी का स्वागत कर डाला। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर फैली, बवाल मच गया। आलोचनाओं के बीच आयोजकों को बैकफुट पर आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी।
दरअसल, 25 मई को दुबई में कोचीन यूनिवर्सिटी बी.टेक. एलुमनाई एसोसिएशन (CUBAA) की ओर से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम पाकिस्तान एसोसिएशन दुबई के ऑडिटोरियम में हुआ, जहां शाहिद अफरीदी और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर उमर गुल की भी मौजूदगी दर्ज की गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दोनों का जोरदार स्वागत होता दिख रहा है। अफरीदी ने मंच से लोगों को संबोधित भी किया।
बता दें कि हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद अफरीदी ने भारतीय सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। यही नहीं, सीजफायर समझौते के बाद उन्होंने पाकिस्तान में विजय रैली भी निकाली थी। ऐसे व्यक्ति का भारत के एक राज्य से जुड़े ग्रुप द्वारा खुले मंच पर स्वागत करना भारतीय फैंस को नागवार गुजरा।
मामला तूल पकड़ते ही CUBAA की ओर से सफाई जारी की गई। बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम स्थल के चयन में समय और संसाधनों की सीमाओं के चलते पाकिस्तान एसोसिएशन दुबई का ऑडिटोरियम चुना गया था। आयोजकों का दावा है कि अफरीदी और उमर गुल को आमंत्रित नहीं किया गया था। वे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के एक कार्यक्रम के तहत उसी दिन वहां मौजूद थे और कार्यक्रम के अंत में अनपेक्षित रूप से वहां आ गए।
आयोजकों ने यह भी कहा कि उनकी उपस्थिति पूरी तरह अनियोजित थी और वे न तो आमंत्रित अतिथि थे और न ही कार्यक्रम के आधिकारिक हिस्से। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था। उन्होंने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए ईमानदारी से माफी मांगी है और कहा कि वे भारत की सांस्कृतिक भावना और एकता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।





