पीलूपुरा में आयोजित गुर्जर महापंचायत के दौरान समाज दो गुटों में बंट गया। संयोजक विजय बैसला ने सरकार द्वारा भेजे गए मसौदे पर सहमति जताते हुए महापंचायत समाप्त करने की घोषणा की। उनका कहना था कि वरिष्ठों से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, इस फैसले से असंतुष्ट एक अन्य गुट के गुर्जर युवाओं ने विरोध करते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर मथुरा-गंगापुर ट्रेन को रोक दिया और रेल मार्ग को बाधित कर दिया। युवाओं का कहना है कि वे विजय बैसला के फैसले को नहीं मानते और जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, वे ट्रैक से नहीं हटेंगे।
यह महापंचायत शहीद स्मारक कारवारी, पीलूपुरा में आयोजित की गई थी। पंच पटेल लगातार युवाओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन युवा सरकार के प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास कर रहा है।
भरतपुर जिले के बयाना स्थित पीलूपुरा में महापंचायत की अचानक समाप्ति के बाद, नाराज प्रदर्शनकारियों ने मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेन को रोक दिया और ऐलान किया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी, ट्रेन नहीं चलने देंगे।
गुर्जर महापंचायत में दो गुटों में बंटा समाज, एक गुट ने ट्रेन रोकी और ट्रैक को अवरुद्ध करने की कोशिश की






