विदेश मंत्री एस. जयशंकर 8 से 14 जून तक फ्रांस, बेल्जियम और यूरोपीय संघ की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे इन देशों के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को प्रोत्साहित करने पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरे से भारत और यूरोपीय देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा आपसी सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
फ्रांस की यात्रा के दौरान जयशंकर पेरिस और मार्सिले जाएंगे, जहां वे फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री जीन नोएल बरोट से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके साथ ही वे फ्रांस के वरिष्ठ नेताओं, थिंक टैंकों और मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। मार्सिले में आयोजित भूमध्यसागरीय रायसीना संवाद के उद्घाटन समारोह में भी वे भाग लेंगे। गौरतलब है कि भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और दोनों देशों के संबंध गहरे विश्वास पर आधारित हैं।
बेल्जियम में वे वहां के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अतिरिक्त वे बेल्जियम के वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ संवाद भी करेंगे। भारत और बेल्जियम के बीच व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा, तकनीक, दवा, हीरा उद्योग और आपसी संबंधों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग स्थापित है।
इसके अलावा, विदेश मंत्री यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष काजा कालास के साथ भी रणनीतिक वार्ता करेंगे और यूरोपीय आयोग तथा संसद के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात करेंगे। वे यूरोपीय थिंक टैंकों और मीडिया से भी विचार-विमर्श करेंगे।
फ्रांस, बेल्जियम और यूरोपीय संघ के सात दिन के दौरे पर रहेंगे विदेश मंत्री जयशंकर






