लंबे अंतराल के बाद कमल हासन और मणिरत्नम की जोड़ी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के जरिए एक बार फिर साथ आई, लेकिन दर्शकों से वैसा जबरदस्त रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया जैसी उम्मीदें की जा रही थीं।
38 साल बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गजों की वापसी को लेकर फैंस में भारी उत्साह था, लेकिन शुरुआती कमाई ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले तीन दिनों में फिल्म ने औसत प्रदर्शन किया और चौथे दिन यानी रविवार को भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
रविवार को भी गिरा कलेक्शन
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, ‘ठग लाइफ’ ने रविवार को केवल 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जो अब तक की सबसे कम रोज़ाना कमाई है। फिल्म ने पहले दिन 15.5 करोड़ की ओपनिंग ली थी, लेकिन शुक्रवार को गिरावट के साथ ये आंकड़ा 7.15 करोड़ पर पहुंच गया। शनिवार को मामूली सुधार हुआ और 7.75 करोड़ का कलेक्शन दर्ज किया गया। चार दिनों में कुल मिलाकर फिल्म की कमाई महज 34.65 करोड़ रुपये रही है।
तमिल वर्जन से बनी कुछ इज्जत
हिंदी और तेलुगू वर्जन की कमाई प्रति दिन 1 करोड़ से भी नीचे रही, जिससे यह साफ होता है कि फिल्म को मुख्य रूप से तमिल दर्शकों से ही समर्थन मिला है। यह भी दर्शाता है कि अन्य भाषाओं में फिल्म की मार्केटिंग और पहुंच अपेक्षाकृत कमजोर रही।
कर्नाटक में बैन बना बाधा
फिल्म की कमाई को प्रभावित करने वाले अहम कारणों में से एक कर्नाटक में लगा बैन भी हो सकता है। एक भाषाई विवाद के चलते ‘ठग लाइफ’ को वहां रिलीज़ नहीं किया गया। कमल हासन के एक बयान को लेकर विवाद हुआ, जिसमें उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया था। गौरतलब है कि कर्नाटक हमेशा से मणिरत्नम और कमल हासन की फिल्मों के लिए मजबूत बाजार रहा है, ‘इंडियन 2’ और ‘पोन्नियिन सेलवन’ सीरीज जैसी फिल्मों ने वहां अच्छी कमाई की थी।
स्टारकास्ट और कहानी
‘ठग लाइफ’ में कमल हासन के साथ सिलाम्बरासन टीआर, तृषा कृष्णन, ऐश्वर्या लक्ष्मी, अशोक सेलवन, अबिरामी, जोजू जॉर्ज, नासर, अली फज़ल और रोहित सराफ जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म की कहानी एक माफिया डॉन पर केंद्रित है, जो विश्वासघात के बाद बदला लेने के लिए निकल पड़ता है।






