भाषा विवाद पर कमल हासन का विरोध इतना बढ़ गया कि उनकी फिल्म ठग लाइफ 5 जून को कर्नाटक में रिलीज नहीं हो सकी। राज्यसभा के लिए तमिलनाडु से नामांकन की तैयारी कर रहे साउथ सुपरस्टार कमल हासन एक बार फिर अपनी भाषा संबंधी टिप्पणी को लेकर विवादों में हैं। अपनी फिल्म ठग लाइफ के प्रचार के दौरान उन्होंने गैर-हिंदी भाषी राज्यों में हिंदी लागू करने का विरोध किया। उनका कहना है कि देश में भाषाई स्वतंत्रता होनी चाहिए।
कन्नड़ को लेकर पहले भी दिए विवादित बयान
इससे पहले कमल हासन ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि कन्नड़ भाषा तमिल से उत्पन्न हुई है। इसके चलते कर्नाटक में उनकी फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। हालांकि उन्होंने इसके लिए माफी नहीं मांगी और हिंदी सिनेमा में अपने योगदान की याद दिलाई।
कमल हासन का भाषा पर स्पष्ट रुख
रविवार को उन्होंने कहा, “मैं ‘एक दूजे के लिए’ का हीरो हूं। 1981 में आई इस फिल्म में एक तमिल लड़का हिंदी भाषी लड़की से प्रेम करता है और फिल्म बड़ी हिट रही थी।” उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाषा थोपी नहीं जानी चाहिए, क्योंकि हम किसी भी भाषा को स्वेच्छा से भी सीख सकते हैं। शिक्षा का उद्देश्य बाधा नहीं, सीखने को सरल बनाना होना चाहिए।
हिंदी का विरोध केवल दक्षिण भारत में नहीं
कमल हासन ने यह भी कहा कि हिंदी के विरोध की आवाज सिर्फ दक्षिण भारत से नहीं आ रही है। “मैं पंजाब, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के साथ हूं। हमें ऐसी भाषा को अपनाना चाहिए जो वैश्विक स्तर पर उपयोगी हो। अंग्रेज़ी इस मामले में बेहतर विकल्प है। आप स्पैनिश या चीनी भी सीख सकते हैं, लेकिन अंग्रेज़ी से हमारा 350 साल का संबंध रहा है और हमें उसी रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए। अगर इसे हटाया गया, तो तमिलनाडु में कई लोग शिक्षा से वंचित रह जाएंगे।”






