गाजियाबाद के बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित शिव वाटिका कॉलोनी के पास मंगलवार सुबह एक हरे रंग के सूटकेस में 25 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। यह शव बेहटा नहर रोड के किनारे मिला, जिसे देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शव की पहचान अब तक नहीं हुई
पुलिस के अनुसार, मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या की गई है। सूटकेस खोलने पर पता चला कि शव को हाथ-पैर मोड़कर अंदर रखा गया था। महिला की नाक और मुंह से खून निकल रहा था, और गले पर भी निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि महिला शादीशुदा थी, क्योंकि उसकी मांग में सिंदूर और पैरों में बिछिया थी। एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के असली कारणों का पता चलेगा। घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है





