केरल तट के पास एक सिंगापुर के समुद्री जहाज में लगी आग के बाद भारतीय नौसेना ने उसमें सवार 18 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। यह जहाज MV Wan Hai 503, जो कोलंबो से मुंबई जा रहा था, रविवार को अचानक आग की चपेट में आ गया। जहाज पर लगभग 650 कंटेनर लदे थे, जिनमें से कई समुद्र में गिर गए हैं। आशंका है कि कंटेनरों में कोई अत्यधिक ज्वलनशील रसायन मौजूद था, जिससे आग तेजी से फैली। जहाज के मालिकों से कंटेनरों में रखे माल की जानकारी मांगी गई है।
आग पर काबू पाने के प्रयास अभी भी जारी हैं। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल द्वारा संयुक्त रूप से बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है। नौसेना का जहाज INS Surat, तटरक्षक बल के पोत ‘सचेत’, ‘समुद्र प्रहरी’ और डोर्नियर एयरक्राफ्ट इस अभियान में जुटे हैं। मंगलवार को तटरक्षक बल का जहाज ‘समर्थ’ भी इस अभियान में शामिल हो गया।
जहाज पर सवार 18 क्रू सदस्यों को बचा लिया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और चार को हल्की चोटें आई हैं। सभी को मंगलुरु बंदरगाह लाया गया है और घायलों का इलाज कुंतीकाना के एजे अस्पताल में चल रहा है। इस बीच चार क्रू सदस्य अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
केरल में सिंगापुर के समुद्री जहाज में आग लगी, भारतीय नौसेना ने क्रू के 18 सदस्यों को सुरक्षित बचाया






