अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, गुरुवार को टेकऑफ के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। हादसे के बाद अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, लेकिन इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में एक व्यक्ति चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया। फ्लाइट रडार के अनुसार, विमान लगभग 625 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने के बाद दुर्घटना का शिकार हो गया। इस भयावह हादसे में जीवित बचा शख्स खुद पैदल चलकर लाशों के बीच से होता हुआ अस्पताल तक पहुंचा।
जिंदा बचे शख्स की पहचान रमेश विश्वास कुमार के रूप में
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने बताया कि सीट 11A पर एक जीवित यात्री मिला, जिसका नाम रमेश विश्वास कुमार है। फिलहाल उसका इलाज सिविल अस्पताल में जारी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि विमान एक घनी आबादी वाले आवासीय इलाके में गिरा था।
पुलिस अधिकारी विधि चौधरी ने बताया कि रमेश 40 वर्ष के हैं और वह सीट 11A पर बैठे थे। अस्पताल में 50 से अधिक घायल लोग भर्ती हैं। रमेश ने मीडिया से बातचीत में कहा, “टेकऑफ के करीब तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और अचानक विमान नीचे गिरने लगा। जब होश आया, तो चारों तरफ लाशें थीं। मैं घबरा गया और वहां से भागा। मुझे किसी ने पकड़ा और एम्बुलेंस में अस्पताल पहुंचाया।” रमेश ने बताया कि उनका भाई अजय विमान में किसी और पंक्ति में बैठा था, और वह अभी तक लापता है। उन्होंने गुजारिश की, “कृपया मेरे भाई को ढूंढने में मदद करें।”
विमान में था 80-90 टन ईंधन
भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह बेहद दुखद दुर्घटना है। इस विमान में लगभग 80-90 टन ईंधन भरा गया था, क्योंकि यह लंबी दूरी की उड़ान थी। यह एक शक्तिशाली विमान है, लेकिन दुर्घटना के कारणों की सही जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही मिल सकेगी।”
गृह मंत्री अमित शाह ने की घायलों से मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव मदद व सर्वोत्तम इलाज का आश्वासन दिया। उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।






