उत्तर प्रदेश रोडवेज ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए किराए में भारी छूट देने का ऐलान किया है। अब छात्रों के लिए स्मार्ट एमएसटी (मासिक सीजन टिकट) कार्ड बनाए जाएंगे, जिन पर उन्हें किराए में 40 फीसदी तक की छूट मिलेगी।
रोडवेज की बसों में सफर करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह कार्ड यात्रा को आसान और किफायती बनाएगा। ये कार्ड आसानी से रिचार्ज किए जा सकेंगे और छात्र कम खर्च में रोजाना आना-जाना कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर के भीतर रहने वाले छात्रों को मिलेगी। एमएसटी पर एक महीने में अधिकतम 60 यात्राएं की जा सकेंगी और इसके लिए 25 यात्राओं का किराया वसूला जाएगा। छात्रों को एमएसटी बनवाते समय पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा और 300 रुपये शुल्क जमा करना होगा। इससे सामान्य टिकट की तुलना में छात्रों को लगभग 40% तक की बचत होगी। कार्ड को किसी भी बस स्टेशन से रिचार्ज कराया जा सकता है।
इस योजना का लाभ उन छात्रों को विशेष रूप से मिलेगा जो रोजाना पढ़ाई के लिए जिला मुख्यालय तक यात्रा करते हैं। अभी तक 35 छात्र एमएसटी के लिए आवेदन कर चुके हैं और कार्ड जारी किए जा रहे हैं। एमएसटी के लिए छात्रों को दो पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, हाईस्कूल की मार्कशीट और स्कूल/कॉलेज द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र जमा करना होगा। फिलहाल जिले में 160 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र भी सफर करते हैं। उनके लिए यह विशेष छूट लागू की गई है।






