एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 2024 में दुनिया का 9वां सबसे व्यस्त हवाईअड्डा बन गया है। पिछले साल यहां से 7.78 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया, जिससे यह 2023 की तुलना में एक स्थान ऊपर आ गया। इस सूची में अमेरिका का अटलांटा एयरपोर्ट 10.8 करोड़ यात्रियों के साथ पहले नंबर पर रहा। दूसरे स्थान पर दुबई एयरपोर्ट (9.23 करोड़ यात्री) और तीसरे पर अमेरिका का डलास/फोर्ट वर्थ एयरपोर्ट (8.78 करोड़ यात्री) रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में दुनियाभर में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 9.4 अरब तक पहुंच गई, जो 2023 से 8.4% अधिक और कोविड-पूर्व यानी 2019 के मुकाबले 2.7% ज्यादा है।
दिल्ली के अलावा, चीन का शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट 11 पायदान चढ़कर 10वें स्थान पर आ गया। दुनिया के सबसे व्यस्त 10 हवाईअड्डों में टोक्यो हनेडा (चौथा), लंदन हीथ्रो (पांचवां), डेनवर (छठा), इस्तांबुल (सातवां), शिकागो (आठवां) और शंघाई (दसवां) शामिल हैं।
विमान संचालन में 15वां स्थान
विमानों की आवाजाही के मामले में भी दिल्ली एयरपोर्ट ने प्रगति की है। 2024 में यहां कुल 4,77,509 विमानों का आवागमन हुआ, जिससे यह 15वें स्थान पर पहुंच गया। 2023 में यह 17वें स्थान पर था। इस सूची में भी अटलांटा एयरपोर्ट 7,96,224 विमानों की आवाजाही के साथ पहले स्थान पर रहा।
एसीआई ने बताया कि 2024 में वैश्विक स्तर पर कुल 10.6 करोड़ से ज्यादा विमानों की आवाजाही हुई, जो 2019 के मुकाबले 96.8% है और इसमें सालाना 3.9% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
एसीआई वर्ल्ड के महानिदेशक जस्टिन एर्बासी ने कहा कि यह रैंकिंग इस बात का प्रमाण है कि विमानन क्षेत्र ने जटिल वैश्विक हालात के बावजूद मजबूती और लचीलापन बनाए रखा है और लगातार विस्तार कर रहा है।





