छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के घने जंगलों में नारायणपुर-महाराष्ट्र सीमा के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए हैं। इस मुठभेड़ में नक्सलियों के एक शीर्ष कमांडर के भी ढेर होने की सूचना है। अब तक मौके से छह माओवादियों के शव, एके-47 और एसएलआर जैसी राइफलें, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की चीजें बरामद की गई हैं। क्षेत्र में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है। माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने अबूझमाड़ इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया था, जिसके दौरान रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही। इसी अभियान में छह नक्सलियों को ढेर किया गया।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में भी सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी। शनिवार को हुई मुठभेड़ में 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली सोढ़ी कन्ना को मार गिराया गया। वह नक्सलियों की मिलिट्री कंपनी का स्नाइपर था और जगरगुंडा थाना क्षेत्र के किस्टारम गांव का निवासी था। लंबे समय से कई नक्सली वारदातों में शामिल रहने वाला कन्ना सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में था। उसकी मौत को सुरक्षा बलों ने एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
छत्तीसगढ़ के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़; 6 माओवादी मारे गए






