सुप्रीम कोर्ट ने सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने टिप्पणी को गंभीर बताते हुए कहा कि मंत्री का अब तक सार्वजनिक रूप से माफी न मांगना उनकी मंशा और ईमानदारी पर सवाल खड़े करता है।
कोर्ट ने सोमवार को सुनवाई के दौरान कहा कि विजय शाह का यह व्यवहार यह संदेह उत्पन्न करता है कि क्या उन्होंने जानबूझकर यह टिप्पणी की और अब माफी न मांगकर वह अपनी गलती को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सेना और उसके अधिकारियों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को 13 अगस्त तक जांच पूरी करने और रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि अब इस मामले में तेजी लाने का समय आ गया है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
यह मामला उस वक्त चर्चा में आया जब मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसे सेना की गरिमा के विरुद्ध माना गया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में इसको लेकर याचिका दाखिल की गई थी। अब सभी की नजरें 13 अगस्त को एसआईटी की रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि जांच में मंत्री की गलती साबित होती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मंत्री को लगाई फटकार, एसआईटी को जांच पूरी करने का आदेश दिया





