भारतीय सेना के 25.20 लाख पात्र पेंशनभोगियों को ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना के तहत कुल 16,925.20 करोड़ रुपये की बकाया राशि का भुगतान किया जा चुका है। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री संजय सेठ ने संसद के मानसून सत्र के दौरान दी।
राज्यमंत्री ने बताया कि ओआरओपी-I और ओआरओपी-II के अंतर्गत सभी पात्र रक्षा कर्मियों को उनकी बकाया राशि पहले ही दी जा चुकी है। मार्च 2024 तक ओआरओपी-II के अंतर्गत 16,925.20 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि ओआरओपी-III के अंतर्गत 18 जुलाई 2025 तक 1,271.74 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
राज्यसभा में 28 जुलाई को डॉ. वी. शिवदासन द्वारा पूछे गए तीन प्रश्नों के उत्तर में, मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा पिछले तीन वर्षों में ओआरओपी योजना के तहत बकाया भुगतान हेतु कोई अलग बजट शीर्ष आवंटित नहीं किया गया है, और पेंशन की संशोधित राशि का वितरण भी पूर्ण रूप से किया जा चुका है। तीसरे प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि लंबित बकाया राशि ‘डायनेमिक’ होती है, जो पूर्व सैनिकों की पेंशन में संशोधन के आधार पर निर्धारित की जाती है और संवितरण एजेंसियों द्वारा ही तय की जाती है।






