
क्या आप जानते हैं कि हफ्ते में केवल दो अंडे खाना आपके दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है? हाल ही में आई एक नई रिसर्च में यह सामने आया है कि नियमित रूप से अंडे खाने से अल्जाइमर और भूलने की बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। पहले लोग अंडों को कोलेस्ट्रॉल की वजह से लेकर संकोच करते थे, खासकर दिल के मरीज, लेकिन अब यह सोच तेजी से बदल रही है। नए शोध में यह पाया गया है कि हफ्ते में दो या उससे अधिक अंडे खाने से अल्जाइमर होने की आशंका करीब 47% तक घट जाती है।
‘द जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ में प्रकाशित इस रिसर्च में 81.4 साल की औसत उम्र वाले 1,000 बुजुर्गों पर सात साल तक अध्ययन किया गया। जिन लोगों ने नियमित रूप से अंडे खाए, उनमें डिमेंशिया की संभावना बाकी लोगों की तुलना में बहुत कम पाई गई।
दिमाग का पोषण: कोलीन और ओमेगा-3
अंडों में मौजूद कोलीन नामक पोषक तत्व दिमाग के लिए बेहद जरूरी है। यह तत्व एसिटाइलकोलाइन नामक न्यूरोट्रांसमीटर बनाने में मदद करता है, जो याददाश्त और समझने की शक्ति को बेहतर बनाए रखता है। रिसर्च के अनुसार कोलीन, अल्जाइमर का खतरा 39% तक कम कर सकता है। इसके अलावा, अंडों में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड और ल्यूटिन दिमाग में सूजन और हानि को कम करते हैं। करीब 600 लोगों के दिमाग के पोस्टमार्टम में यह देखा गया कि जो लोग नियमित रूप से अंडे खाते थे, उनके दिमाग में अल्जाइमर से जुड़े हानिकारक प्लाक कम पाए गए। इसका मतलब यह है कि अंडे न सिर्फ थेओरेटिकल रूप से, बल्कि जैविक स्तर पर भी दिमाग की रक्षा करते हैं।
कोलेस्ट्रॉल की चिंता छोड़ें, संतुलित आहार अपनाएं
अब विशेषज्ञ मानते हैं कि हफ्ते में दो या ज्यादा अंडे खाना अधिकतर लोगों के लिए सुरक्षित है और इसके लाभ कोलेस्ट्रॉल की पुरानी आशंकाओं से कहीं अधिक हैं। हालांकि, अंडों को संतुलित आहार के हिस्से के रूप में ही लेना चाहिए। हरी सब्जियां, मछली, मेवे और साबुत अनाज भी दिमाग के लिए बहुत लाभकारी हैं। अगर आप भूलने की समस्या से बचना चाहते हैं या अपने मानसिक स्वास्थ्य को लंबे समय तक अच्छा बनाए रखना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में हफ्ते में कम से कम दो अंडे ज़रूर शामिल करें। यह एक आसान, सस्ता और असरदार तरीका है अपने दिमाग को स्वस्थ रखने का।
नोट- संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।






