
कॉलेज की छात्राओं ने जज के सामने सुनाई कहानी; हमको छुआ और अश्लील मैसेज भेजे…
दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के वसंतकुंज इलाके स्थित एक प्रसिद्ध आश्रम के संचालक स्वामी चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी पर 17 छात्राओं से छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित छात्राओं की शिकायत के बाद वसंतकुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली है।
आरोप है कि आश्रम में प्रबंधन की पढ़ाई कर रही छात्राओं को अपशब्द कहे गए, व्हाट्सएप और एसएमएस पर अश्लील संदेश भेजे गए और शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश की गई। साथ ही, कुछ फैकल्टी और वार्डन पर छात्राओं पर दबाव डालने का भी आरोप है। पुलिस ने 32 छात्रों के बयान दर्ज किए, जिनमें 17 छात्राओं ने सीधे तौर पर स्वामी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी महंगी वोल्वो कार में नकली यूएन डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगाकर घूमता था। पुलिस ने यह कार जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ जालसाजी का अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
शृंगेरी शारदापीठ ने भी इस पूरे मामले पर बयान जारी करते हुए साफ किया है कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती (पूर्व नाम डॉ. पार्थसारथी) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और उनसे पीठ के सभी संबंध समाप्त कर दिए गए हैं। पीठ ने उनके आचरण को अवैध और अनुचित बताते हुए संबंधित अधिकारियों को भी शिकायत सौंपी है।
पुलिस ने संस्थान से सीसीटीवी फुटेज और हार्ड डिस्क जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी है। सभी छात्राओं के अदालत में बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






