भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यूनिफॉर्म पॉलिसी के तहत देशभर में टोल की दरों में बदलाव किया है। नई दरें शुक्रवार की रात 12 बजे से प्रभावी हो गईं। दरों में बदलाव के साथ ही विभिन्न टोल प्लाजाओं पर कंपनियों ने नए शुल्क अपडेट कर दिए हैं।
एनएचएआई द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब टोल दरें महंगाई दर के लिए वर्ष 2004-05 के बजाय 2011-12 को आधार मानकर तय की गई हैं। 29 सितंबर को एनएचएआई ने सभी प्रोजेक्ट डायरेक्टरों को अपने-अपने टोल प्लाजाओं के लिए इस नए आधार वर्ष के अनुसार दरों का प्रस्ताव भेजने को कहा था। इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने नई दरों को अंतिम रूप दिया। नई दरें लागू होने से वाहन चालकों को राहत मिली है। प्रति फेरे 5 से 25 रुपये तक की कमी के कारण टोल शुल्क पहले की तुलना में कम देना होगा। ये दरें फास्टैग उपयोगकर्ताओं पर लागू होंगी, जबकि टैग न होने पर नकद भुगतान करने वालों को दोगुना शुल्क देना पड़ेगा।



