उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक कोचिंग सेंटर में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शनिवार को कादरी गेट थाना क्षेत्र के सातनपुर मंडी के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुई। अचानक हुए धमाके में करीब 10 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो ने दम तोड़ दिया। विस्फोट इतना तेज था कि एक किलोमीटर के दायरे में आसपास के मकानों की दीवारें और खिड़कियां हिल गईं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोचिंग सेंटर की इमारत पूरी तरह ढह गई। पक्की दीवारें और स्लैब करीब 50 मीटर दूर जा गिरे, जबकि लोहे की जाली लगभग 150 मीटर दूर पानी से भरे एक गड्ढे में जा गिरी। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति दहशत में आ गया। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ बच्चों के शरीर के अंग घटना स्थल पर बिखरे मिले। चारों ओर चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका दहशत से गूंज उठा। लोग इस दर्दनाक नजारे को देखकर सहम गए।
कोचिंग सेंटर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें, स्कूटी और साइकिलें भी धमाके में उछलकर दूर जा गिरीं। कई वाहन 50 मीटर तक उड़कर पहुंचे। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दराज के लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और पुलिस दल मौके पर पहुंचा। फतेहगढ़ और कादरी गेट थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से मलबा हटाने का काम शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान पुलिस ने एक शिक्षक को हिरासत में लिया है और घटना की गहराई से जांच कर रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल ने भी मौके पर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी। फिलहाल धमाके के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और विशेषज्ञों की मदद से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोट किस कारण हुआ।
यूपी: कोचिंग सेंटर में भीषण धमाके से दो बच्चों की मौत कई घायल






