हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बल्लू ब्रिज के पास हुए भूस्खलन में एक बस मलबे के नीचे दब गई। जिलाधिकारी के अनुसार अब तक 15 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। अब तक 3 लोगों को जीवित बाहर निकाला गया है। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था, लेकिन बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। आसपास के लोग भी राहत कार्यों में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान पूरी रात जारी रहेगा ताकि जल्द से जल्द सभी फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सके।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा है और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शिमला से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
हिमाचल: बिलासपुर में बस पर मलबा गिरा, 15 शव निकाले गए, कई फंसे






