कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव में रहने वाले एक मुस्लिम परिवार ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना से प्रेरित होकर बुधवार को वैदिक विधि-विधान के साथ सनातन धर्म अपनाया। धर्म परिवर्तन का यह कार्यक्रम मंझनपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में हिंदू रक्षा समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
धर्म के साथ बदले नाम
परिवार के मुखिया मेहदी अली ने अपना नाम बदलकर अनुज प्रताप सिंह, उनकी पत्नी सायमा ने सौम्या अनुज सिंह, और बेटी उर्वा ने उर्विजा अनुज सिंह रखा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ, हवन और पूजा-अर्चना के साथ उन्होंने सनातन परंपरा को अपनाया। वन अंब्रेला चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदू धर्म का सार्वभौमिक सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ उन्हें गहराई से प्रेरित करता है। यह पूरी दुनिया को एक परिवार मानने का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि परिवार की सहमति से ही यह निर्णय लिया गया है और अब वे हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म परिवर्तन के बाद भी वे अपने सामाजिक कार्य जैसे वृक्षारोपण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को जारी रखेंगे। हिंदू रक्षा समिति के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने कार्यक्रम को धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि किसी पर धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं डाला जाता, बल्कि जो सच्चे मन से आते हैं, उनका स्वागत किया जाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल
मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर वेद प्रकाश सत्यार्थी, दीपक मौर्य, शिवम पांडेय, भुवनेश्वर तिवारी, विपिन यादव, हर्षित मिश्रा, आशीष कुमार, उमेश गुप्ता और अजय सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण किया गया।






