सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में डीआईजी रोपड़ रेंज हरचरण भुल्लर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मोहाली से पकड़ा गया। रिश्वत की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने ट्रैप बिछाकर भुल्लर को गिरफ्तार किया। उन पर हर महीने पांच लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित उनके घर पर सीबीआई टीम परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उनके पास से एक डायरी मिली है, जिसमें मासिक रिश्वत का पूरा रिकॉर्ड दर्ज है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई पिछले कुछ दिनों से भुल्लर की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। आज ट्रैप बिछाकर उन्हें पांच लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने चंडीगढ़ और रोपड़ स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी भी की। हालांकि, इस कार्रवाई पर सीबीआई की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से जुड़े मामले में की गई है। कारोबारी ने डीआईजी के खिलाफ सीबीआई को शिकायत दी थी, जिसके बाद टीम ने यह कार्रवाई की। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भुल्लर को ठीक किस स्थान से पकड़ा गया। इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी से पंजाब पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सीबीआई जल्द ही डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को अदालत में पेश कर सकती है।
पंजाब: सीबीआई ने डीआईजी को रिश्वत लेने के मामले में रंगे हाथ गिरफ्तार किया






