आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक निजी बस में आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुर गांव के पास हैदराबाद–बेंगलुरु हाईवे पर हुआ। बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी। जानकारी के अनुसार, बस की टक्कर एक दोपहिया वाहन से हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की भी मौत हो गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, बस में कुल 41 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे फंस गई और उसके ईंधन टैंक का ढक्कन खुल जाने से आग भड़क गई। कुरनूल की जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने बताया कि इस हादसे में 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 20 की मौत हो गई। इनमें से 11 शवों की पहचान हो चुकी है, बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
कुरनूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया कि 19 यात्री, दो बच्चे और दो चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गए। पुलिस के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से बस का दरवाजा जाम हो गया, जिससे यात्री बाहर नहीं निकल पाए और कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत कुरनूल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि अधिकतर यात्री हैदराबाद के रहने वाले थे। हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
तेलंगाना सरकार ने जारी की हेल्पलाइन
तेलंगाना सरकार ने पीड़ित यात्रियों के परिवारों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देश पर शुरू की है, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और डीजीपी शिवधर रेड्डी से राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं।
चंद्रबाबू नायडू ने व्यक्त किया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, “कुरनूल जिले के चिन्नाटेकुर गांव के पास हुई इस भीषण बस दुर्घटना से मैं गहरे सदमे में हूं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि दी जाएगी।






