गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद अब कमजोर पड़ गया है। इसके प्रभाव से कई तटीय जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। राज्य सरकार ने प्रभावित जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। वहीं, ओडिशा के गजपति जिले में भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, लेकिन प्रशासन ने समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक एस. करुणासागर ने बताया कि मध्य बंगाल की खाड़ी में बना यह गंभीर चक्रवाती तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए मंगलवार देर रात 11:30 से 12:30 बजे के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। इसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर होकर बुधवार सुबह तक सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल गया। उन्होंने कहा कि यह अब तेलंगाना की ओर बढ़ रहा है, जहां आज भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, अल्लूरी, मान्यम, विशाखापत्तनम और अनकापल्ली जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि एलुरु, कृष्णा, एनटीआर, गुंटूर, बापटला, पलनाडु, काकिनाडा, कोनसीमा, पूर्वी व पश्चिमी गोदावरी और प्रकाशम जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने चक्रवात मोंथा के लैंडफॉल से पहले राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए विशेष राहत आयुक्तालय का दौरा किया। उन्होंने कहा कि राज्य पर फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है और सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों की विशेष देखभाल की जा रही है। सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र एहतियातन बंद कर दिए गए हैं और अगले 24 घंटों तक हालात पर नजर रखी जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। गजपति की जिलाधिकारी मधुमिता ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ, लेकिन प्रशासन ने रातभर राहत कार्य जारी रखकर किसी भी तरह की जनहानि नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि करीब 10,000 लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच चक्रवात ‘मोंथा’ के तट से टकराने के समय हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
आंध्र प्रदेश सरकार ने मदद के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर —
चित्तूर: 08572-242777, 9491077325
नेल्लोर: 0861-2331261, 7995576699
काकिनाडा: 0884-2356801
बापटल: 0863-2234014
गुंटूर: 0864-3220226
वाईएसआर कडपा: 08562-246344






