शनिवार और रविवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों में 18 लोगों की मौत हो गई। बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, सड़कें जलमग्न हैं और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। जलभराव की वजह से दोनों राज्यों में रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की नदियाँ उफान पर हैं, जिसके चलते हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
बारिश के कारण आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, और कई ट्रेनों के रूट बदलने पड़े हैं। कई रेलवे ट्रैक भी पानी में डूबे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेती श्रीनिवास रेड्डी के अनुसार, राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश से नौ लोगों की मौत हुई है। हैदराबाद में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पानी भर गया है, जिसके चलते सोमवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी आदिलाबाद, निजामाबाद, राजन्ना सिरसिल्ला, याद्री भुवनगिरी, विकाराबाद, सांगारेड्डी, कामारेड्डी और महबूबनगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आंध्र प्रदेश में भी बारिश के चलते 9 लोगों की मौत हुई है, और विजयवाड़ा जिला सबसे अधिक प्रभावित है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शीर्ष अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक बुलाई है, अधिकारियों को अलर्ट रहने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लुरी सीताराम राजू, काकीनाडा, और नांदयाला जिलों में भी भारी बारिश हुई है.
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भारी बारिश के चलते 100 से ज्यादा ट्रेने हुई रद्द





