अब पेंशनधारकों के लिए जीवन प्रमाणपत्र बनवाना बेहद आसान हो गया है। अब बैंक या कोषागार कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नई तकनीक के जरिए अब केवल मोबाइल फोन पर ही जीवन प्रमाणपत्र तैयार हो जाएगा। बस “जीवन प्रमाणपत्र ऐप” डाउनलोड करें और कैमरे के सामने पलक झपकाएं, कुछ ही सेकंड में आपका प्रमाणपत्र तैयार होकर पीडीएफ के रूप में उपलब्ध हो जाएगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पेंशनरों की सुविधा के लिए यह नई “चेहरा पहचान प्रणाली” शुरू की है। इस डिजिटल व्यवस्था से बुजुर्ग पेंशनधारकों को काफी राहत मिलेगी।
पहले हर साल पेंशनरों को बैंक या जनसेवा केंद्र जाकर फिंगरप्रिंट या आंख की स्कैनिंग से सत्यापन कराना पड़ता था। लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है। स्मार्टफोन, इंटरनेट और कैमरा होने पर पेंशनर घर बैठे ही यह काम कर सकते हैं।
इस सुविधा के लिए आधार संख्या, पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और बैंक खाते का विवरण आवश्यक है। अब फिंगरप्रिंट मशीन की कोई जरूरत नहीं है, सबकुछ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में पूरा हो जाएगा। यह नई व्यवस्था न केवल समय बचाएगी बल्कि बुजुर्ग पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया को बेहद सरल और सुविधाजनक बना देगी।
अब पलक झपकाते ही मोबाइल पर बन जाएगा पेंशनधारकों का जीवन प्रमाणपत्र





