एअर इंडिया के चेक-इन सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण बुधवार को दिल्ली सहित कई हवाई अड्डों पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस वजह से कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया की चेक-इन सेवाएं दोपहर में अचानक ठप हो गईं, जिससे यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और बोर्डिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। बताया जा रहा है कि यह समस्या थर्ड-पार्टी कनेक्टिविटी नेटवर्क में आई खराबी के कारण हुई, जिसके चलते यात्री काफी देर तक चेक-इन नहीं कर पाए। हालांकि कुछ समय बाद सिस्टम को बहाल कर दिया गया और सेवाएं अब सामान्य रूप से चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल T2 और T3 पर चेक-इन सिस्टम करीब 70 मिनट तक यानी दोपहर 3:40 से शाम 4:50 बजे तक बंद रहा। अन्य प्रभावित हवाई अड्डों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
एअर इंडिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है, लेकिन स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है। कुछ उड़ानें अभी भी देरी से चल सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे पर पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति एअर इंडिया की वेबसाइट पर अवश्य जांच लें और सुरक्षा जांच व चेक-इन के लिए अतिरिक्त समय लेकर पहुंचे।





