
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से एक बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार को यहां नमाज के दौरान एक मस्जिद में भयंकर विस्फोट हो गया। इस धमाके में 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल किसी के मृत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटना उत्तरी जकार्ता के केलापा गाडिंग क्षेत्र की है, जहां एक स्कूल परिसर में बनी मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी। तभी अचानक मुख्य हॉल के पीछे वाले हिस्से में जोरदार धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। धमाका होते ही लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शहर के पुलिस प्रमुख असेप एदी सुहेरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कुछ संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं, जिनमें आईईडी बम (हाथ से बना विस्फोटक), रिमोट कंट्रोल, एयरसॉफ्ट गन और रिवॉल्वर जैसी बंदूकें शामिल हैं। धमाके के बाद इलाके में हड़कंप और भगदड़ मच गई। घायल लोग मस्जिद के भीतर और बाहर मदद के लिए पुकारते नजर आए। कुछ ही देर में बम निरोधक दस्ता, पुलिस बल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि धमाके की वजह और इसके पीछे किसका हाथ है, यह पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।





