रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन हमला शुरू कर दिया है। इससे पहले, यूक्रेनी सेना ने भी रूस पर ड्रोन हमला किया था। कीव में कई धमाके सुनाई दिए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग और भी तेज हो रही है। रूस ने कीव पर हमला करने से पहले, यूक्रेनी सेना ने रूस के सेरातोव शहर में एक इमारत से ड्रोन टकराया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे रूस पर यूक्रेन का 9/11 जैसा हमला बताया जा रहा है। उधर, कीव में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है, जिससे इस जंग के बड़े रूप लेने की आशंका जताई जा रही है।
रूस के बड़े हमले के बाद, यूक्रेन के निप्रो समेत कई शहरों में धमाके सुने गए हैं। बताया जा रहा है कि रूस ने कीव पर कई मिसाइलें दागी हैं, जिसके बाद लोग अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में शरण ले रहे हैं। यूक्रेन की सेना ने सोमवार तड़के कहा कि रूस ने कीव पर ड्रोन हमला किया, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी नुकसान की सूचना नहीं है। कीव के सैन्य प्रशासन के प्रमुख, सेरही पोपको, ने टेलीग्राम पर बताया कि शहर की ओर बढ़ते समय 10 ड्रोन को नष्ट कर दिया गया। कीव में सेना हाई अलर्ट पर है और एयर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। रूस के हमलों के बाद यूक्रेन में बिजली कट गई है, और कहा जा रहा है कि अगले आधे घंटे में रूस और भी बड़े हमले कर सकता है।
रूस द्वारा मिसाइल और ड्रोन हमले लगातार यूक्रेन के शहरों पर किए जा रहे हैं। आज कीव, खार्किव, ओडेसा, विनित्सिया, ज़ापोरिज़िया, क्रेमेनचुक, डीनीप्रो, खमेलनित्सकी, क्रोपिव्नित्सकी, लुत्स्क और क्रिवी रिह में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से रूस ने कीव पर यह सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया है, जो इस महीने राजधानी पर सातवां हमला है। हालांकि, आवासीय क्षेत्रों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने के बावजूद अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। रूसी अधिकारियों और समाचार एजेंसियों का कहना है कि सोमवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के सेराटोव शहर में घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उड़ानें प्रतिबंधित कर दी गईं। इस हमले में एक महिला घायल हो गई है।
रूस ने एक बार फिर यूक्रेन को निशाना बनाया है। रविवार को रूस ने उत्तरी, पूर्वी, और दक्षिणी यूक्रेन पर हमले किए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 37 लोग घायल हो गए। यूक्रेन की सेना और स्थानीय अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि रूस ने सीमावर्ती क्षेत्रों चेर्निहिव, सुमी, खार्किव, और डोनेट्स्क में रातभर हमले किए।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सुमी के उत्तरी क्षेत्र पर मिसाइल से हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। खार्किव क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने बताया कि रूसी हमलों में 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक चार वर्षीय बच्चा भी है।
खार्किव के मेयर इगोर तेरेखोव ने कहा कि रूसी हमलों के कारण शहर की एक गैस पाइपलाइन तबाह हो गई और 10 घरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिनमें से दो घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि रूस ने नौ हमलावर ड्रोन लॉन्च किए थे, जिनमें से आठ ड्रोन को मायकोलाइव क्षेत्र में मार गिराया गया। वायुसेना ने यह भी कहा कि रूस ने एक इस्केंडर-एम बैलिस्टिक मिसाइल, एक इस्केंडर-के क्रूज मिसाइल और छह गाइडेड एयर मिसाइलें लॉन्च की थीं। हालांकि, यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि इनमें से कितनी मिसाइलें मार गिराई गई हैं।
खेरसॉन के सैन्य प्रशासन के प्रमुख, रोमन मरोचको, के अनुसार, खेरसॉन के दक्षिणी क्षेत्र में रूसी हमले दिनभर जारी रहे, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। फिलहाल, रूस की ओर से इस हमले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह स्पष्ट है कि रूस लगातार यूक्रेन के सीमावर्ती क्षेत्रों को निशाना बना रहा है। इस बीच, कीव ने कहा कि यूक्रेनी सेना द्वारा रूस के कुर्स्क क्षेत्र में किए गए हमले का उद्देश्य मॉस्को के हमलों को रोकना था।
रूस का यूक्रेन पर हमला शुरू, कई शहरों में एक साथ धमाके






