राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका की स्वास्थ्य सेवाओं को “दुनिया की सबसे खराब स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली” बताया है। उन्होंने सुझाव दिया कि कांग्रेस को लोगों के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजनी चाहिए ताकि वे अपनी पसंद का इंश्योरेंस खुद खरीद सकें।
अमेरिका में शटडाउन को छह हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन रिपब्लिकन और डेमोक्रेट पार्टियों के बीच अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है। इस शटडाउन की वजह से लाखों सरकारी कर्मचारी बिना वेतन काम करने को मजबूर हैं, जबकि कई लोगों के भोजन पर संकट गहराता जा रहा है। इसके बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप अपने रुख पर अडिग हैं।
सब्सिडी को लेकर विवाद जारी
शटडाउन खत्म करने के लिए अमेरिकी सीनेटर्स ने छुट्टियों में भी काम जारी रखा ताकि राजनीतिक गतिरोध को तोड़ा जा सके। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच बातचीत बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि वे डेमोक्रेट्स के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। दरअसल, डेमोक्रेट सांसद “अफोर्डेबल केयर एक्ट” यानी ओबामाकेयर योजना के तहत सब्सिडी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप और रिपब्लिकन सीनेटर्स इसके खिलाफ हैं।
कई रिपब्लिकन नेता समझौते के पक्ष में
कुछ रिपब्लिकन सीनेटर्स ने हालांकि समझौते का समर्थन जताया है। लेकिन उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उन रिपब्लिकन नेताओं की आलोचना की है जो ओबामाकेयर सब्सिडी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। डेमोक्रेट पार्टी का प्रस्ताव है कि अगर सरकार एक वर्ष के लिए ओबामाकेयर योजना की सब्सिडी बढ़ा दे, तो शटडाउन समाप्त किया जा सकता है।
लंबे समय से चल रहे इस शटडाउन ने अब जनता की नाराजगी भी बढ़ा दी है। इसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भी दिखने लगा है, सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा, एयरपोर्ट पर स्टाफ की भारी कमी है, और “सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP)” के तहत मिलने वाली सहायता में देरी के कारण लाखों लोगों के भोजन पर संकट गहराता जा रहा है।






